अजब-गजब: हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुई गाय की शादी, स्वयंवरम में चुना अपनी पसंद का दूल्हा

हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुई गाय की शादी, स्वयंवरम में चुना अपनी पसंद का दूल्हा
10 बैलों में से चुना अपना दूल्हा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शादी किसी भी इंसान के लिए उसके सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक होता है। खासकर, भारत जैसे देश में तो इसको लेकर एक अलग तरह का ही माहौल देखने को मिलता है। दरअसल, भारत में लगभग हर एक धर्म निवास करता है। इसलिए देश में अलग-अलग रीति-रिवाजों के साथ शादी होना स्वाभाविक है। हालांकि, यह सब इंसानों तक ही सीमित था, पर अब यह शायद जानवरों पर भी लागू हो गया है। क्योंकि हाल ही में एक गाय ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की है। भले ही सुनकर आपको अजीब लगे, लेकिन यह सच है।

10 बैलों में से चुना अपना दूल्हा

यह मामला आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले का है, जहां एक डॉक्टर दंपत्ति ने अपनी गाय की शादी हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न कराई है। दरअसल, इसके माध्यम से यह दंपत्ति सभी जीवित प्राणियों को समान रूप से देखने की मिसाल कायम करने के साथ हिंदू परंपरा और संस्कृति के बारे में लोगों को जागरूक करना चाहता है। इसके लिए उन्होंने स्वयंवरम की घोषणा की और राज्य के सभी पुंगनूर बैल मालिकों को निमंत्रण भेजा।

आपको बता दें कि स्वयंवरम एक सदियों पुरानी परंपरा है, जहां दुल्हन कई दूल्हों के बीच से अपना साथी चुनती है। इस शादी समारोह में दुल्हन सरना ने भी कुछ ऐसा ही किया। दंपत्ति ने सरना नाम की पुंगनूर नस्ल की गाय की शादी शहर के एक फंक्शन हॉल में आयोजित कराई, जहां सरना ने 10 में से एक दूल्हे का चयन किया। इसके बाद वैदिक विद्वानों के मंत्रोच्चार के बीच सरना की शादी हिंदू रीति-रिवाजों, परंपराओं और संस्कृति के अनुसार की गई। इंसानों की शादी की तरह समारोह हॉल में इस स्वयंवरम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मानते हैं अपनी बेटी

डॉक्टर सोमशेखर और डॉक्टर रमादेवी पिछले दो सालों से इस गाय को अपनी तीसरी बेटी के रूप में पाल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने गाय का नामकरण समारोह भी बड़ी धूमधाम से आयोजित कराया था।

Created On :   31 Oct 2023 4:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story